सच्चा धर्म {कक्षा- 10} लेखक-सेठ गोविन्ददास
प्रश्न 1.पुरुषोत्तम कौन है?
उत्तर:पुरुषोत्तम दिल्ली में रहने वाला एक महाराष्ट्रियन ब्राह्मण है।
प्रश्न 2.शिवाजी के पुत्र का क्या नाम था?
उत्तर:शिवाजी के पुत्र का नाम संभाजी था।
प्रश्न 3.शास्त्रों में किसकी व्याख्या बड़ी बारीकी से की गई है?
उत्तर:शास्त्रों में सत्य और असत्य की व्याख्या बड़ी बारीकी से की गई है।
प्रश्न 4.पुरुषोत्तम किस कार्य को दुष्कर्म की संज्ञा देते हैं?
उत्तर:पुरुषोत्तम शरणागत के बलिदान को दुष्कर्म की संज्ञा देते हैं।
प्रश्न 5.सत्य का आश्रय छोड़ने का क्या दुष्परिणाम होता है?
उत्तर:सत्य का आश्रय छोड़ने का यह दुष्परिणाम होता है कि सारा कुल भ्रष्ट हो जाता है। लड़कियाँ कुँआरी रह जाती हैं। लड़कों के शादी-विवाह नहीं होते हैं।
लघु उत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 1.सत्य स्वयं ही सारे प्रश्नों का निराकरण कब करता है?
उत्तर:सत्य का आश्रय लेने पर जीवन में आने वाले सभी प्रश्नों का निराकरण हो जाता है और जब मनुष्य सत्य का आश्रय छोड़ मिथ्या का आसरा लेता है, तभी तरह-तरह के प्रश्न उठ खड़े होते हैं।
प्रश्न 2.असत्य किन परिस्थितियों में सत्य से बड़ा हो जाता है?
उत्तर:धर्म की रक्षा यदि असत्य से होती है तो असत्य सत्य से बड़ा हो जाता है।
प्रश्न 3.पुरुषोत्तम अपने किन गुणों के कारण सबके सम्मान-पात्र थे?
उत्तर:पुरुषोत्तम जीवन भर सत्यवादी रहे। इसी गुण के कारण औरंगजेब के सदृश यवन बादशाह के राज्य में उनका पूरा सम्मान था।
प्रश्न 4.सम्भाजी पुरुषोत्तम के आश्रय में कैसे पहुँचे?
उत्तर:सम्भाजी शिवाजी का पुत्र था। दिल्ली से भागते समय शिवाजी मिठाई की टोकरी में सम्भाजी को पुरुषोत्तम के आश्रय में छोड़ गये थे।
प्रश्न 5.पुरुषोत्तम की दृष्टि में सबसे बड़ा पातक क्या है?
उत्तर:पुरुषोत्तम की दृष्टि में सबसे बड़ा पातक विश्वासघात है। शिवाजी अपने पुत्र सम्भाजी को पुरुषोत्तम को सौंपकर गये थे। यदि पुरुषोत्तम सम्भाजी के प्राणों की रक्षा न करता तो यह सबसे बड़ा पातक होता।
प्रश्न 6.पुरुषोत्तम ने अहिल्या से सत्य और असत्य की क्या व्याख्या की?
उत्तर:पुरुषोत्तम ने अहिल्या से सत्य और असत्य की व्याख्या करते हुए कहा कि अनेक बार सत्य के स्थान पर मिथ्या भाषण सत्य से भी बड़ी वस्तु होती है। जीवन में धर्म से बड़ी कोई चीज नहीं है, धर्म की रक्षा यदि असत्य से होती है तो असत्य सत्य से बड़ा हो जाता है।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 1.पुरुषोत्तम के चरित्र की क्या विशेषताएँ थीं?
उत्तर:पुरुषोत्तम के चरित्र की सबसे बड़ी विशेषता उनका सत्यवादी होना था। उनकी सत्यप्रियता दिल्ली में प्रसिद्ध थी। इसी कारण यवन तक उनका बहुत आदर करते थे।
प्रश्न 2.पुरुषोत्तम के समक्ष कौन-सा धर्म संकट उपस्थित हुआ?
उत्तर:पुरुषोत्तम के समक्ष यह धर्म संकट था कि उन्होंने शिवाजी के कहने पर उनके पुत्र सम्भाजी को अपने घर में रख लिया था। जब औरंगजेब को यह बात पता लगी तो पुरुषोत्तम शरणागत की रक्षा के लिए सम्भाजी को अपना भांजा बताकर उसके प्राणों की रक्षा करने लगे लेकिन सम्भाजी के प्राणों की रक्षा तभी हो सकती थी जब जीवन भर सत्य बोलने वाला पुरुषोत्तम मिथ्या बात (सम्भाजी को अपना भांजा बताना) कहे। अतः पुरुषोत्तम के सामने सत्य बोलना या असत्य बोलना यह धर्म संकट था।
प्रश्न 3.“दिन भर का भूला-भटका यदि रात को भी घर लौट आये, तो वह भूला नहीं कहलाता”-इस कथन का भाव विस्तार कीजिए।
उत्तर:अहिल्या अपने पति से बार-बार यह आग्रह करती है कि वह जब जीवनभर मिथ्या नहीं बोले तो शिवाजी के पुत्र सम्भाजी को अपना भांजा बताकर झूठ क्यों बोलना चाहते हैं? फिर वह कहती है कि दिन भर का भूला-भटका कोई आदमी यदि रात को घर लौट आये, तो वह भूला नहीं कहलाता। कहने का भाव यह है कि अहिल्या यह मान लेती है कि पुरुषोत्तम औरंगजेब के दूत दिलावर खाँ के सामने यह बात कह देगा कि सम्भाजी उसका भांजा नहीं है।
प्रश्न 4.‘सच्चा धर्म’ एकांकी का केन्द्रीय भाव समझाइए।
उत्तर:‘सच्चा धर्म’ एकांकी का केन्द्रीय भाव इस प्रकार है-
शिवाजी अपने कौशल से औरंगजेब की कारागार से मुक्त होते हैं, तब वे अपने पुत्र सम्भाजी को दिल्ली के एक महाराष्ट्रियन ब्राह्मण पुरुषोत्तम के घर में छिपा देते हैं। इस घटना की भनक औरंगजेब को लगती है, वह इसकी सत्यता के प्रतिपादन हेतु अपने दो सैनिकों को पुरुषोत्तम के पास भेजता है। पुरुषोत्तम की सत्यनिष्ठा के सभी दिल्लीवासी कायल थे। साथ ही उनकी यह प्रतिष्ठा भी थी कि वे किसी अन्य व्यक्ति के साथ बैठकर भोजन नहीं करते हैं। औरंगजेब के सैनिक पुरुषोत्तम से वचनबद्ध होते हैं कि यदि वे अपने भांजे के साथ एक थाली में भोजन कर लेते हैं तो सैनिक स्वीकार कर लेंगे कि पुरुषोत्तम के यहाँ रहने वाला लड़का सम्भाजी नहीं है।-पुरुषोत्तम की पत्नी अहिल्या अपने पति को सत्य के मार्ग पर चलने की ही प्रेरणा देती पर पुरुषोत्तम की दृष्टि में सम्भाजी शरणागत हैं और उनकी रक्षा का उद्देश्य राष्ट्रीय भावना से अनुप्रेरित है। अतः पुरुषोत्तम इन महान् उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु वैयक्तिक आचार निष्ठा को खण्डित कर युग-धर्म की महत्ता स्थापित करते हैं।
प्रश्न 5.एकांकी के तत्त्वों के नाम लिखकर ‘सच्चा धर्म’ के संवादों पर टिप्पणी कीजिए।
उत्तर:विद्वानों ने एकांकी के निम्नलिखित तत्त्व माने हैं-कथानक, कथोपकथन, पात्र तथा चरित्र-चित्रण, देशकाल एवं वातावरण, उद्देश्य, शीर्षक।‘सच्चा धर्म’ एकांकी के कथोपकथन या संवाद सारगर्भित तार्किक एवं महत् उद्देश्य के प्रचारक हैं। संवादों से पात्रों के चरित्र-चित्रण पर विशेष प्रभाव पड़ा है। ये संवाद सार्थक एवं कथा को आगे बढ़ाने वाले हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें